Rajnandgaon : थाने में समझौते के बाद भी शिक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज

0 शिक्षक के समर्थन में उतरे ग्रामीण
0 छुरिया थाने का किया घेराव
छुरिया- कुछ दिन पूर्व एक शिक्षक पर ग्रामीण ने अपने बेटे से मारपीट करने का आरोप लगाया था । मामला थाने पहुंचा जहां ग्रामीण और शिक्षक के बीच समझौता भी हुआ इसके बावजूद शिक्षक के खिलाफ छुरिया थाने में अपराध दर्ज हो गया । इस बात की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में छुरिया थाना पहुंचे । जहां उन्होंने पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाया । ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए डोंगरगढ़ एसडीओपी मौके पर पहुंचे । जहां उन्होंने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए ।
छुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पैरीटोला स्थित मिडिल स्कूल में कक्षा सातवीं के छात्र मनेश कुमार कंवर के साथ शिक्षक राजेश नेताम ने स्कूल नहीं आने पर गाली गलौच कर मारपीट की थी । घटना के बाद छात्र घर पहुंचा और और अपने पिता रमन कंवर को पूरी जानकारी दी । छात्र के पिता ने इसकी शिकायत थाने में कर दी । शिकायत की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और शिक्षक थाने पहुंचकर राजीनामा करते हुए आपसी समझौता किया था । उसके दूसरे दिन शिक्षक राजेश नेताम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115 (2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज कर दिया गया । जिसकी खबर लगते ही ग्राम पटेल चंदू साहू, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं छुरिया थाना पहुंचे और पुलिस पर समझौते के बाद भी शिक्षक पर अपराध दर्ज करने के विरोध में थाने का घेराव कर दिया और पुलिस के इस कार्यशैली एवं मनमानी का जमकर विरोध किया । और शिक्षक पर कार्यवाही नहीं करने की मांग की गई । थाने का घेराव की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ एसडीओपी केशरीनंदन नायक छुरिया पहुंचे । जहां उन्हें भी ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा । काफी मशक्कत के बाद अंत में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया तब जाकर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए ।
0 प्रार्थी भी नहीं चाहता कार्यवाही, फिर भी अपराध दर्ज क्यों
आज विरोध प्रदर्शन में शिक्षक के खिलाफ शिकायत करने वाला भी पहुंचा था । ग्रामीणों ने कहा कि जब प्रार्थी स्वयं थाना पहुंचा है और वह शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही नहीं चाहता उसके बाद भी अपराध दर्ज क्यों किया गया.



