Rajnandgaon : विद्यार्थियों ने गांव-गांव पहुंचकर बताए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय …
डोंगरगढ़ l श्री शंकराचार्य तकनीकी परिसर के प्रबंधन अध्ययन विभाग के एमबीए विद्यार्थियों ने ग्रामीण विसर्जन परियोजना के तहत साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में पहल की। विद्यार्थियों की टीम ‘टीम डायमंड’ ने ‘सुरक्षित और डिजिटल रूप से आत्मविश्वासी भारत’ विषय को केंद्र में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया।
टीम डायमंड के दलनायक ईशांत गोरले निवासी बुधवारी पारा वार्ड क्रमांक 13 डोंगरगढ़ के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्हें बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, संदेशों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी तथा डिजिटल लेन-देन से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को समझाया कि अनजान व्यक्ति द्वारा फोन पर बैंक खाता, एटीएम, डेबिट या क्रेडिट कार्ड, ओटीपी, पिन अथवा किसी अन्य गोपनीय जानकारी की मांग करने पर उसे साझा नहीं करना चाहिए।
साथ ही संदिग्ध संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने, अनजान लोगों द्वारा भेजे गए आवेदन डाउनलोड करने तथा लालच देने वाले निवेश या इनाम संबंधी प्रस्तावों से बचने की सलाह दी गई। यह जागरूकता अभियान डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। विद्यार्थियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लेन-देन और इंटरनेट के उपयोग में लगातार वृद्धि हो रही है, इसलिए साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।




