राजनांदगांव : जादूटोला स्कूल भवन की छत ढलाई के बाद दूसरे दिन गिरी…
अंबागढ़ चौकी , शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भवन जादूटोला में एक करोड़ 21 लाख की लागत से निर्माण कार्य में गुणवत्ता विहीन सामग्री का उपयोग व कार्य में अनियमितताएं की शिकायतें सामने आई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गड़बड़ी, भ्रष्टाचार की शिकायतें करते हुए निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।
विकासखंड के ग्राम जादूटोला के सरपंच सुकवारो नेताम, शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष उदयप्रकाश यादव, कोटवार नकुलराम, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक देवनारायण नेताम, विष्णु नेताम, आनंदराम, बालमुकुंद, हरीराम, अर्जुन, कौशिल्या, कुंती, गोवर्धन, धर्मेन्द्र, नेतराम, भूपेश, सोमल आदि ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिए अपने शिकायत पत्र में बताया कि जादूटोला में लोक निर्माण विभाग के द्वारा एक करोड़ 21 लाख की लागत से जादूटोला में शासकीय स्कूल भवन बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा भारी गड़बड़ी की जा रही है।
एक छत ढलाई के दूसरे दिन भरभराकर गिर गया: ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल भवन की छत की ढलाई में गुणवत्ता विहीन पुराने सरिया का उपयोग किया गया है। साथ ही निम्न कोटि का सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है। 2 सितंबर को दस बाई दस की एक छत की ढलाई की गई थी जो दूसरे दिन गिर गया।



