छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : स्वाइन फ्लू का बढ़ा खतरा, तीन मरीज मिले एक की हालत गंभीर …

By kadwaghut|11 Sep 2026, 3:23 PM
f X W

राजनांदगांव। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन सतर्क हो गया है। शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें एक बुजुर्ग मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आईसीयू में भी बेड आरक्षित किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को इलाज के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement
Advertisement

अस्पताल पहुंचने वाले ऐसे मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिन्हें सर्दी-खांसी के साथ कमजोरी और स्वाइन फ्लू से मिलते-जुलते अन्य लक्षण हैं। संदिग्ध मरीजों का स्वाब लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार स्टेशनपारा निवासी 24 वर्षीय युवक भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद युवक को उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं। इससे पहले शहर के एक बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखकर उपचार किया जा रहा है। गुरुवार को एक और मरीज सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी है।

इसी बीच कोरोना संक्रमण का भी एक मामला सामने आया है। छुरिया निवासी 34 वर्षीय युवक की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक को शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उसका उपचार किया जा रहा है। स्वाइन फ्लू के साथ कोविड का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य अमला संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए निगरानी कर रहा है। -स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी सेहत पर नजर रख रही है। संपर्क में आए लोगों को संक्रमण से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसी व्यक्ति में सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा जा रहा है।

READ ALSO  CG : जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन…

अस्पताल प्रबंधन ने भी स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं। 10 बेड का अलग वार्ड तैयार करने के साथ ही गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू में बेड सुरक्षित रखे गए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के उपायों का पालन करते हुए मरीजों का उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य अमला लोगों को स्वाइन फ्लू और कोविड के लक्षणों के प्रति जागरूक भी कर रहा है। लगातार मामले सामने आने के बाद लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, खांसते और छींकते समय मुंह ढकने तथा लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी जा रही है।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins