CG : आवारा कुत्ते का आतंक 13 लोगों को काटा तीन की हालत गंभीर …
बालोद। जिले के डौंडीलोहारा नगर में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है। नगर के अलग-अलग इलाकों में कुत्ते ने एक के बाद एक 13 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। किसी के हाथ तो किसी के पैर पर कुत्ते ने काटा है। सभी घायलों को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आवारा कुत्ता नगर के अलग-अलग इलाकों में घूमते हुए अचानक लोगों पर हमला कर रहा था। एक के बाद एक लोगों के कुत्ते के हमले का शिकार होने की जानकारी सामने आने के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। घायलों में डौंडीलोहारा नगर के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए लोग भी शामिल हैं।
घर लौट रही महिला पर हमला टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव किराना दुकान में काम करने के बाद वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उनकी मदद की और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसी तरह शशिकला नामक महिला संजय नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। रास्ते में आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके हाथ और पैर पर काटकर उन्हें घायल कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
बैंक आई बुजुर्ग महिला को भी काटा कुत्ते के हमले का शिकार 60 वर्षीय मानो बाई भी हुई हैं। वह चिल्हाटीकला गांव से किसी काम के सिलसिले में बैंक आई हुई थीं। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और काटकर घायल कर दिया। भगवती यादव, शशिकला और मानो बाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों का डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। वहीं अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है।
नगर में दहशत का माहौल एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों को आवारा कुत्ते के काटने की घटना के बाद डौंडीलोहारा नगर में दहशत का माहौल है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के परिजन चिंतित हैं। लोग घरों से बाहर निकलते समय सतर्कता बरत रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण पहले से ही परेशानी बनी हुई थी, लेकिन एक साथ 13 लोगों पर हमले की घटना ने चिंता और बढ़ा दी है। आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और नगर प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे कुत्तों की पहचान कर उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से हटाया जाना जरूरी है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति पर हमला न हो। फिलहाल सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों पर चिकित्सक विशेष निगरानी रख रहे हैं। वहीं घटना के बाद नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।
