kadwaghut logo final
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , बारिश के मौसम में भी ग्राम पंचायत औंधी के वार्ड क्रमांक 4 के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। वार्ड में पिछले एक सप्ताह से नल से जलापूर्ति बंद है। रक्षाबंधन के दिन भी महिलाओं को घरेलू जरूरतों के लिए कुएं से सिर पर पानी ढोकर लाना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की सार्वजनिक बोरिंग पर कुछ लोगों ने कथित रूप से निजी कब्जा कर लिया है, जिसके कारण वार्ड की जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
वार्ड में नल सूखे पड़े हैं। पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण महिलाओं को दूर स्थित कुओं से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में तो पानी की समस्या समझ में आती है, लेकिन बारिश के मौसम में भी एक सप्ताह से नल बंद रहना पंचायत की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार के दिन भी महिलाओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
जलसंकट से परेशान वार्ड की महिलाएं शिकायत लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां ताला लगा मिला। इसके बाद महिलाओं ने फोन के माध्यम से पंचायत के चपरासी से जलापूर्ति बंद होने को लेकर जानकारी मांगी। ग्रामीणों के अनुसार, चपरासी ने कथित तौर पर कहा कि नल चालू होने की बात अभी भूल जाओ। उनके इस जवाब से महिलाएं और ग्रामीण नाराज हो गए।
सार्वजनिक बोरिंग पर निजी इस्तेमाल ग्रामीणों ने पंचायत की सार्वजनिक बोरिंग पर कुछ लोगों द्वारा निजी उपयोग किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बोरिंग का लाभ पूरे वार्ड को मिलना चाहिए, लेकिन कथित निजी कब्जे के कारण आम लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत से बोरिंग को सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराने और तत्काल नलों में पेयजल सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।
