CG : रक्षाबंधन पर प्रियल होम्योपैथी क्लिनिक का भव्य शुभारंभ …
रायपुर । रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर करन नगर, चंगोराभाठा में ‘प्रियल होम्योपैथी क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कठिन व्यक्तिगत परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद डॉ. प्राची उपाध्याय ने सेवा का मार्ग नहीं छोड़ा और नए क्लिनिक के माध्यम से जरूरतमंदों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ होम्योपैथिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
पिता और चाचा के असामयिक निधन के साथ ही इसी वर्ष स्वयं एक बड़े हादसे का शिकार होने के बावजूद डॉ. प्राची ने हिम्मत नहीं हारी। विपरीत परिस्थितियों से उबरते हुए उन्होंने अपने चिकित्सकीय सेवा कार्य को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। उनका नया क्लिनिक इसी संकल्प और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डॉ. प्राची ने क्लिनिक के लिए करन नगर, चंगोराभाठा क्षेत्र का चयन विशेष विचार-विमर्श के बाद किया। यह इलाका मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों का भी निवास क्षेत्र है। ऐसे में उनका उद्देश्य स्थानीय लोगों को उनके आसपास ही सुलभ, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण होम्योपैथिक चिकित्सा उपलब्ध कराना है।
तीन वर्षों से निःशुल्क चिकित्सा सेवा
डॉ. प्राची उपाध्याय पिछले तीन वर्षों से सुधा सोसाइटी फाउंडेशन की होम्योपैथिक क्लिनिक, भीमसेरिया हॉस्पिटल, विधानसभा रोड में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रही हैं। लंबे समय से जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क चिकित्सा सेवा देना उनके समाजसेवा के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नए क्लिनिक की शुरुआत के साथ वह अपने चिकित्सकीय अनुभव को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
शुभारंभ समारोह में जुटे अतिथि
क्लिनिक के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुनील सोनी, विधायक रायपुर दक्षिण, डॉ. जे. पी. शर्मा, उपाध्यक्ष आरडब्ल्यूए रायपुर तथा वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. विद्याकांत त्रिवेदी उपस्थित रहे। अतिथियों ने डॉ. प्राची को नए क्लिनिक की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, शुभचिंतक और परिचित शामिल हुए। सभी ने डॉ. प्राची की पहल की सराहना करते हुए क्लिनिक के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने जताया समर्थन
सुधा सोसाइटी फाउंडेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन जी. के. भटनागर ने भी डॉ. प्राची उपाध्याय की पहल की सराहना की। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में डॉ. प्राची के साथ खड़े रहने का उल्लेख करते हुए उनके सफल चिकित्सकीय जीवन, उज्ज्वल भविष्य और समाजसेवा के कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
फाउंडेशन का कहना है कि समाजसेवा के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना भी उसके उद्देश्यों में शामिल है। इस दृष्टि से डॉ. प्राची उपाध्याय का नया क्लिनिक सेवा के साथ आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का भी एक बेहतर उदाहरण है।
