राजनांदगांव, 17 अगस्त 2026। नाग पंचमी के पावन अवसर पर राजनांदगांव की ऐतिहासिक जय भवानी व्यायामशाला में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना के साथ भव्य बॉडीबिल्डिंग एवं वेटलिफ्टिंग प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह आयोजन व्यायामशाला के संस्थापक एवं जिले में व्यायाम और खेल संस्कृति की मजबूत नींव रखने वाले स्वर्गीय श्री पुरुषोत्तम अजमानी की स्मृति को समर्पित रहा। वर्ष 1973 में स्थापित जय भवानी व्यायामशाला ने प्रदेश को अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री श्री नीलू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर व्यायामशाला एवं जिला खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कैंसर को मात देकर मिसाल बने नीरज शुक्ला
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लगभग 52 वर्षीय बॉडीबिल्डर श्री नीरज शुक्ला रहे। उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बाद अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, अनुशासन और व्यायाम के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
बीमारी के दौरान उनका वजन लगभग 30 किलोग्राम तक कम हो गया था और चिकित्सकों ने उन्हें व्यायाम न करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद उनका फिटनेस के प्रति जुनून कम नहीं हुआ। कीमोथेरेपी के दौरान भी वे अस्पताल में अपने साथ डंबल लेकर जाते थे और उपचार के बीच मिले समय में हल्का व्यायाम करते थे।

उपचार पूरा होने के बाद उन्होंने दोबारा अपनी फिटनेस पर मेहनत शुरू की और धीरे-धीरे अपनी मांसपेशियों एवं शारीरिक क्षमता को फिर से मजबूत किया। नाग पंचमी के अवसर पर जब श्री नीरज शुक्ला ने मंच पर बॉडीबिल्डिंग की शानदार पोजिंग प्रस्तुत की, तो उपस्थित सभी लोग आश्चर्यचकित रह गए। उनकी प्रस्तुति ने खिलाड़ियों और युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया। उनका संघर्ष इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत से किसी भी कठिन परिस्थिति को हराया जा सकता है।
नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने भी वेटलिफ्टिंग का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भार उठाकर दर्शकों को प्रभावित किया। इन नन्हे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और अनुशासन यह दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ और देश के भविष्य के लिए खेलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
इस अवसर पर कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक विजेता वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव भी उपस्थित रहीं। उनके साथ श्री दीपक यादव सहित खेल जगत से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे। ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों ने युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जय भवानी व्यायामशाला के उपाध्यक्ष श्री शशांक तिवारी, vice president weightlifting associated Chhattisgarh श्री अजय श्रीवास्तव, वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष राजनांदगांव श्री अमित अजमानी, बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन के सचिव श्री शेख वसीम, कोच अशोक श्रीवास, दीपक ठाकुर, अजय, कुलदीप, राम अवतार, विवेक, रंजन सोनी, बसंत, मैगी, गोलू ठाकुर, बजरंग दल अध्यक्ष श्री अरुण गुप्ता, दीपक सोनी, नितिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं व्यायामशाला के सदस्य उपस्थित रहे।
जय भवानी व्यायामशाला में आयोजित यह कार्यक्रम परंपरा, खेल भावना और संघर्ष से सफलता की प्रेरणा का सुंदर संगम रहा। विशेष रूप से श्री नीरज शुक्ला की प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि उम्र या कठिन परिस्थितियां लक्ष्य के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि व्यक्ति के भीतर मेहनत और संकल्प की शक्ति हो।
