छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : बिलासपुर रेंज कार्यालय में दो पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई …

By lokesh sharma|01 Jul 2026, 11:22 AM
f X W

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय, बिलासपुर रेंज में मंगलवार को सेवानिवृत्त होने वाले दो पुलिस अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उप निरीक्षक (रीडर) रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री को उनके लंबे, अनुशासित और उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईजी राम गोपाल गर्ग सहित कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी का परिचय दिया है, जो विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है।

Advertisement
Advertisement

उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में बिलासपुर जिले में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 1997 में वे प्रधान आरक्षक, 2009 में सहायक उप निरीक्षक और 2020 में उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने बिलासपुर, जांजगीर, कवर्धा और कोरबा सहित विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2023 से वे आईजी कार्यालय में रीडर के पद पर कार्यरत थे। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान रामकुमार पटेल को उत्कृष्ट कार्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए। उल्लेखनीय बात यह रही कि पूरे करियर में उनके खिलाफ किसी प्रकार की विभागीय सजा दर्ज नहीं हुई, जिसे विभाग ने उनकी बेदाग सेवा का प्रमाण बताया।

प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को बिलासपुर जिले में चालक के रूप में पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया। उन्होंने मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं। वर्ष 2021 से वे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। आईजी राम गोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में दोनों अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विभाग को ऐसे कर्मठ और अनुशासित अधिकारियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ विभाग को मिलता रहेगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

READ ALSO  CG : स्कूली बस में लगी आग, 28 लोग बाल-बाल बचे ...

समारोह के दौरान उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने भी दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके योगदान की सराहना की। सम्मान समारोह में भावुक माहौल देखने को मिला। सेवानिवृत्त उप निरीक्षक रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने सम्मान के लिए आईजी और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में बिताए गए वर्षों की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी और भविष्य में भी यदि विभाग को उनकी आवश्यकता होगी तो वे हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया। समारोह के समापन पर आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को विशेष वाहन से उनके घर के लिए रवाना किया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उपस्थित सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी।

अगली खबर लोड हो रही है...

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins