कोरबा जिलाछत्तीसगढ़

CG : बांध के खुले गेट की ओर युवक ने लगाई छलांग, तेज बहाव में अता-पता नहीं…

By kadwaghut|16 Aug 2026, 1:43 PM
f X W

कोरबा , मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 23 वर्षीय युवक ने जलाशय के खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। पानी के तेज बहाव में बहने के बाद युवक का कोई पता नहीं चल सका है। हादसे के समय बांध के सात गेट खुले थे और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। लापता युवक की पहचान पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव निवासी रंजीत यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि रंजीत तीन दोस्तों के साथ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध घूमने पहुंचा था। सभी बांध के नजारे को देखने के लिए गार्डन के पास खड़े थे। इसी दौरान उसके दोस्त कुछ दूरी पर चले गए। तभी रंजीत अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़ा और खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

Advertisement
Advertisement

इसमें छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता दिखाई दे रहा है। बांध से छोड़े जा रहे भारी मात्रा में पानी के कारण बहाव बेहद तेज था। कुछ ही क्षण बाद वह तेज धारा में बहकर नजरों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और तत्काल युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। पुलिस ने रंजीत के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीतीश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। तेज जलधारा के कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाई आ रही है। पुलिस के साथ गोताखोर और स्थानीय ग्रामीण भी युवक की तलाश में जुटे हैं। बांध प्रशासन की ओर से पहले ही लोगों को चेतावनी दी गई थी कि गेट खुले रहने के दौरान जलाशय के आसपास न जाएं। इसके बावजूद युवक द्वारा खुले गेट की ओर छलांग लगाने से यह हादसा हुआ। फिलहाल बांगो पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ रंजीत की तलाश में जुटी हुई है।

READ ALSO  एशियन गेम्स में भारत की बेटियों का स्वर्णिम प्रदर्शन देश के लिए गौरव का क्षण : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins