छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : कलेक्टर की चेतावनी भी बेअसर, बालाजी गैस एजेंसी पर ब्लैक मार्केटिंग का आरोप …

By kadwaghut|14 Aug 2026, 1:05 PM
f X W

बिलासपुर: बिलासपुर में बालाजी गैस एजेंस पर घरेलू गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग करने का आरोप लगा है। गुरुवार को उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर दूसरे को सिलेंडर बेचने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। जब पुलिस पहुंची, तब कर्मचारियों ने शटर गिरा दिया और विवाद करने वाले उपभोक्ताओं को शांत कराकर सिलेंडर देने लगे। उपभोक्ताओं ने एजेंसी में घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण में मनमानी और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement
Advertisement

बता दें कि देश भर में सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच तीन माह पहले कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने कहा था कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़े और शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जिले में गैस की किल्लत के चलते ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद ही सिलेंडर देने के निर्देश हैं। इसके बावजूद बालाजी गैस एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर आवंटित सिलेंडर दूसरे लोगों को देने का आरोप लगाया गया है।

उपभोक्ताओं के मुताबिक, उनके मोबाइल पर ऑनलाइन बुकिंग का मैसेज और ओटीपी आया है। ओटीपी लेने के लिए एजेंसी के कर्मचारी उन्हें फोन भी कर रहे हैं। एजेंसी की ओर से दो से तीन दिन में सिलेंडर देने का दावा किया गया था। लेकिन ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी लेकर एजेंसी पहुंचने पर उपभोक्ताओं को कभी सिलेंडर नहीं होने तो कभी सर्वर डाउन होने का हवाला देकर लौटा दिया जाता है। गुरुवार को भी ऐसा ही होने पर उपभोक्ता भड़क गए। इसके बाद एजेंसी में हंगामा शुरू हो गया।

READ ALSO  गणितीय अवधारणाओं को सरल, रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से समझाने पर हुई चर्चा

ग्राहकों का कहना है कि दूर-दराज से लोग अपना काम छोड़कर सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचते हैं, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जाता। आरोप है कि कई ग्राहकों को तीन से पांच बार तक एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे बुजुर्गों और महिला ग्राहकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्राहकों के मुताबिक बुकिंग के करीब एक सप्ताह बाद एजेंसी से फोन कर ओटीपी लिया जाता है। इसके बाद एक सप्ताह बाद सिलेंडर लेने के लिए बुलाया जाता है। ग्राहक जब तय तारीख पर पहुंचते हैं तो उन्हें अलग-अलग कारण बताकर वापस कर दिया जाता है।

इससे ग्राहकों में नाराजगी है। वहीं, दूसरी तरफ गैस और ऑयल कंपनियों के अफसरों के साथ ही स्थानीय अधिकारी कह रहे हैं कि ग्राहकों को इस तरह ओटीपी नहीं देना चाहिए। उन्हें एजेंसी जाकर अपनी सिलेंडर की डिमांड करनी चाहिए। महिला ग्राहकों ने एजेंसी के कर्मचारियों के व्यवहार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिकायत करने पर कई बार अभद्रता और गाली-गलौज तक की जाती है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ कर्मचारियों की ओर से कथित तौर पर यह तक कहा जाता है कि जहां शिकायत करनी है कर लो, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ग्राहकों ने एजेंसी परिसर में लाइसेंस नंबर प्रदर्शित नहीं होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राहकों ने व्यवस्था में सुधार कर समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। इससे पहले भी एजेंसी में हंगामा हुआ था। करीब तीन महीना पहले ग्राहकों ने हंगामा मचाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्टर की गैरमौजूदगी में लोगों ने अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से इस मामले की शिकायत की थी। उन्होंने खाद्य विभाग के अफसरों को निर्देशित किया कि एजेंसी में उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए। लेकिन, एजेंसी में गड़बड़ी और मनमानी जारी है। इसके बाद भी जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी एजेंसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

READ ALSO  बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, केदार कश्यप ने बस्तर के कलेक्टरों से की बात
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins