डोंगरगांव , नगर में 12 अगस्त को सावन मास पर भगवान चंद्रमौलेश्वर महादेव (बाबा महाकाल) की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। महाकाल सेना, धर्मप्रेमी शिवभक्तों व आम नागरिकों के द्वारा आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस पालकी यात्रा में सिंघोला के महाकाल मंदिर के प्रमुख पवन डागा व महाकाल सेना के संरक्षक तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के राज्य मंत्री नीलू शर्मा का मार्गदर्शन रहेगा।
यह पालकी यात्रा दोपहर एक बजे हनुमान मंदिर परिसर किल्लापारा से सदर लाइन, मुख्य बाजार, शिव मंदिर हांडी पसरा होते हुए फौव्वारा चौक-चौराहों की ओर आगे बढ़ेगी। यात्रा का समापन साकेत धाम में होगा, इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
अघोरी नृत्य व भस्म आरती: यात्रा में विशेष रूप से आमंत्रित अघोरी साधुओं व कलाकारों के द्वारा भस्म रमाकर दिव्य अघोरी नृत्य व शिव आराधना की अद्भुत प्रस्तुति दी जाएगी। भगवान शिव की अलौकिक झांकियां बाबा महाकाल के विभिन्न स्वरूपों तांडव रूप, अर्द्ध नारीश्वर रूप व चंद्रमौलेश्वर रूप की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। संपूर्ण नगर मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व व्यवसायिक संगठनों के द्वारा तोरण द्वार बनाकर पुष्प वर्षा, आतिशबाजी तथा शीतल जल व महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
