छुरिया- प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में नगर पंचायत छुरिया में क्षेत्र की खराब सड़क, स्मार्ट मीटर के बिजली बिल में बढ़ोतरी एवं बढ़ती महंगाई को लेकर नया बस स्टैण्ड में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर पुराने बस स्टैण्ड में चक्काजाम किया गया ।
नये बस स्टैण्ड में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में खुज्जी विधानसभा से गुजरने वाले ग्राम पंचायतों में जर्जर सड़क, एवं स्माार्ट मीटर के बिजली बिल में बेतहाशा वृद्धि को लेकर इसके साथ ही बढ़ती महंगाई सहित ज्वलित मुद्दों पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम का आयोजन किया गया था । जिसको लेकर क्षेत्र सहित ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में आमजनों सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे । इस आयोजन में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि छुरिया नगर पंचायत, जनपद पंचायत, जिला पंचायत सहित प्रदेश में भाजपा की सरकार है उसके बावजूद भी खराब सड़कें होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है । बिजली बिल में बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है, वहीं बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त हो चुकी है । इन सब मुद्दों से सत्ता सरकार में बैठे भाजपा नेताओं को लेना देना नहीं, भाजपा नेता भ्रष्टाचार में लिप्त है । छुरिया नगर पंचायत के चुनाव के समय 45 दिन के भीतर काॅम्पलेक्स में दुकान देने का वादा किया गया था, आज इस वायदे को किए 450 दिन पूरे होने को है लेकिन दुकानदार दुकान से वंचित है । विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि छुरिया से डोंगरगांव, बंजारी, चिचोला, भोलापुर, पांडेटोला की सड़कें अत्यन्त खराब है । जिसकी मरम्मत तो करना दूर इसकी सुध तक नहीं ले रहे अधिकारी । कांग्रेस सरकार में जहां आत्मानंद स्कूल में छात्रों को फ्री में पढ़ाई जाती थी, वहीं भाजपा सरकार में बच्चों से फीस लिया जा रहा है । यह सरकार जन विरोधी सरकार है । सभा को पूर्व विधायक छन्नी साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि साय सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं, विकास को लेकर खुज्जी विधानसभा में एक भी काम नहीं हुआ है । भूपेश की सरकार थी तो सड़क, पुल पुलिया, स्कूल अस्पताल खोलने का काम किया गया । भाजपा की सरकार में केवल शराब भट्ठी खोलने का काम किया गया । धरना प्रदर्शन पश्चात नये बस स्टैण्ड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों सहित पैदल पुराने बस स्टैण्ड पहुंचे।
जहां लगभग एक घण्टे तक चक्काजाम किया गया । इस दौरान लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, एवं पुलिस के आला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे । इनके समझाईश के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया । कार्यक्रम में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, पूर्व विधायक छन्नी साहू, चुम्मन साहू, रितेश जैन, डाॅ. प्रकाश शर्मा, राहुल तिवारी, ब्लाॅक अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू, राजू सिंह राजपूत, पूरन नेताम, प्रदीप पटेल, अमित अग्रवाल, राजकुमारी सिन्हा, मनोज सिन्हा, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे ।
उच्च अधिकारियों के नहीं पहुंचने से नाराज हुए कांग्रेसी
खुज्जी विधानसभा में ज्वलित समस्याओं को लेकर चक्काजाम के दौरान नायब तहसीलदार गंगाधर राव, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर नीलकंठ लसेल, विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर दिनेश कुमार चतुर्वेदी, डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक, छुरिया थाना प्रभारी अनुराग सोनवानी ने इस मुद्दे के निराकरण को लेकर चर्चा की तो कांग्रेसी भड़क उठे, उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों से इस विषय पर चर्चा होगी कहकर नाराज हुए कांग्रेसी ।
15 दिन का अल्टीमेटम, नेशनल हाइवे पर चक्काजाम
चक्काजाम स्थल पर जिले के उच्च अधिकारियों के नहीं पहुंचने से गुस्साए कांग्रेसियों ने खराब सड़क, बिजली बिल में बढ़ोतरी, को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उन्हें ज्ञापन नहीं सौंपे । जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने उपस्थित अधिकारियों को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि शीघ्र ही सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो नेशनल हाइवे पर चक्काजाम किया जायेगा । इसकी पूरी जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी ।
