CG : कलेक्टर के मार्गदर्शन में छह गांवों तक पहुंची हस्तशिल्प विकास योजनाएं …
कोरिया । जिला प्रशासन के सहयोग और कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत हस्तशिल्प सेवा केन्द्र, जगदलपुर द्वारा जिले के छह गांवों में 2 से 7 अगस्त तक हस्तशिल्प चौपालों का आयोजन किया गया। चौपालों के माध्यम से ग्रामीण हस्तशिल्पियों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, कौशल उन्नयन, डिज़ाइन एवं तकनीकी विकास, विपणन सहायता तथा स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सहायक निदेशक मनोज राठी के नेतृत्व में आयोजित चौपाल कार्यक्रम सोनहत विकासखंड के चकडांड, आनंदपुर, पोंडीबचरा और सलगवां तथा बैकुंठपुर विकासखंड के सरडी एवं पतरापाली गांवों में आयोजित हुए। इनमें बड़ी संख्या में स्थानीय हस्तशिल्पियों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याएं और सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रमों के सफल संचालन में कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन से जिला प्रशासन और हस्तशिल्प सेवा केन्द्र, जगदलपुर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिससे सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
सहायक निदेशक मनोज राठी ने कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से भारत सरकार की हस्तशिल्प विकास योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से ग्रामीण हस्तशिल्पियों तक पहुंची है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास हस्तशिल्पियों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देंगे।
उल्लेखनीय है कि इन चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के अनेक हस्तशिल्पियों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने और स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी प्राप्त हुई।
