छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG : NSA आरोपी लल्ला सोनवानी को जेल ले जाते समय बवाल, पुलिस ने संभाला मोर्चा …

By kadwaghut|07 Aug 2026, 10:25 AM
f X W

रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई किए गए आरोपी को जेल भेजने के दौरान जमकर हंगामा हो गया। पुलिस जब आरोपी को केंद्रीय जेल रायपुर दाखिल कराने के लिए ले जा रही थी, तभी उसके परिजनों और समर्थकों ने बीच रास्ते पुलिस वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को सुरक्षित जेल पहुंचाया। अब पुलिस हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Advertisement
Advertisement

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ कलेक्टर रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई थी। कलेक्टर ने आरोपी को केंद्रीय कारागार रायपुर में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के पालन में गोबरा नवापारा पुलिस बुधवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लेकर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को जेल भेजने से पहले थाने में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। इसी दौरान लल्ला सोनवानी के परिजन और समर्थक थाने पहुंच गए। बताया जा रहा है कि करीब 10 महिलाएं और आधा दर्जन पुरुष थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया।

पुलिस का आरोप है कि थाने में मौजूद लोगों ने कार्रवाई को गलत बताते हुए पुलिसकर्मियों से बहस की और गाली-गलौज करने लगे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को जेल ले जाने के लिए रवाना हुई। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पुलिस वाहन जैसे ही ग्राम बजरंगपुर के पास पहुंचा, तभी आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने दो-तीन चारपहिया वाहनों को सड़क के बीच खड़ा कर पुलिस वाहन को रोक लिया। इसके बाद उन्होंने वाहन में बैठे लल्ला सोनवानी को छुड़ाने का प्रयास किया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाया और आरोपी को सुरक्षित अपने कब्जे में रखा। इसके बाद पुलिस सभी संबंधित लोगों और उनके वाहनों को लेकर वापस थाना पहुंची। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

READ ALSO  राजनांदगांव : सेवा संकल्प अभियान : महतारी वंदन योजना से नारायणी साहू के पीएचडी के सपनों को मिल रही नई उड़ान…

बता दें कि टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी गोबरा नवापारा क्षेत्र का चर्चित हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 से अब तक 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें भारतीय दंड विधान, आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कई मामलों में न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ 11 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। समय-समय पर आरोपी को न्यायालय के माध्यम से प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते उसके खिलाफ NSA की कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins