छत्तीसगढ़सूरजपुर जिला

CG : कलेक्टर ने किया विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 का निरीक्षण …

By kadwaghut|04 Aug 2026, 10:57 AM
f X W

लाइफ लाइन एक्सप्रेस की तैयारियों का लिया जायजा, उपस्थित संबंधितों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Advertisement
Advertisement

सूरजपुर/। कलेक्टर रेना जमील ने विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 का निरीक्षण कर लाइफ लाइन एक्सप्रेस के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के पंजीयन, प्रतीक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था एवं सुरक्षा की समुचित तैयारी समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के नागरिकों को इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का अधिकतम लाभ सुगमता से मिल सके।

              उल्लेखनीय है कि सूरजपुर जिले में लाइफ लाइन एक्सप्रेस 16 अगस्त से पहुंच रही है, जहां विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 में 16 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक प्रातः 9ः00 बजे से सायं 4ः00 बजे तक विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच एवं सर्जरी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान सभी उम्र के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। शिविर में आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी (कटे-फटे होंठ एवं जलने के बाद संकुचन), दांतों की जांच एवं उपचार, महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग तथा मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं सर्जरी की सुविधा दी जाएगी। मुड़े हुए हाथ-पैर के परीक्षण एवं सर्जरी की सुविधा केवल 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ही प्रदान की जाएगी।

               कार्यक्रम विवरण के अनुसार आंखों की ओपीडी 16 से 21 अगस्त तथा सर्जरी 17 से 22 अगस्त तक, कान की ओपीडी 22 से 27 अगस्त एवं सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक, मुड़े हुए हाथ-पैर एवं प्लास्टिक सर्जरी की ओपीडी 28 से 31 अगस्त तथा सर्जरी 29 अगस्त से 01 सितंबर तक संचालित होगी। इसी प्रकार दांतों की जांच एवं उपचार 01 से 05 सितंबर तक तथा महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग 16 से 21 अगस्त तक की जाएगी।

               जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराएं एवं उपचार के लिए प्रेरित करें, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का अधिकतम लाभ मिल सके। शिविर में आने वाले मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी अथवा अन्य वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा तथा भर्ती मरीजों के साथ केवल एक सहायक को ही अनुमति दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।

               कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक मरीज़ जो स्वास्थ्य सेवा का लाभ लेना चाहते हैं इस अवसर का लाभ उठाएं एवं अपने परिवार व परिचितों को भी जानकारी देकर स्वस्थ भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि ‘‘स्वस्थ सूरजपुर, समृद्ध सूरजपुर‘‘ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में लाइफलाइन एक्सप्रेस जिले के नागरिकों के लिए वरदान सिद्ध होगी।
अगली खबर लोड हो रही है...
READ ALSO  जशपुर में भव्य दीपोत्सव की तैयारी, सेवा संकल्प अभियान में जलेंगे 5 लाख से ज्यादा दीप

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins