राजनांदगांव: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बाटगांव में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया वृक्षारोपण, रेलवे ओवरब्रिज की दरारों को बताया गंभीर तकनीकी खामी

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शनिवार से अपने दो दिवसीय राजनांदगांव प्रवास पर हैं। दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम बाटगांव में आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं निःशुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम में लगभग 1800 पौधों का रोपण किया गया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत देशभर में 100 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और राजनांदगांव में भी इसी अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने आगामी 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह सत्र पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। सरकार पूरी तैयारी के साथ सदन में जाएगी और विपक्ष को भी अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा।
इस दौरान राजनांदगांव के तीन रेलवे ओवरब्रिजों में आई दरारों के मामले पर भी डॉ. रमन सिंह ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे निर्माण की गुणवत्ता राष्ट्रीय स्तर की मानी जाती है, लेकिन पहली बार इस तरह की तकनीकी खामियां सामने आई हैं। इसे उन्होंने रेलवे के लिए शर्मनाक घटना बताते हुए कहा कि वे और सांसद संतोष पांडे इस मामले में पहले ही रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मामले की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच में यदि ठेकेदार या किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



