राजनांदगांव। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त निगरानी में 270 किलोग्राम गांजा तथा 1,847 नशीली टैबलेट को नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई जिले के 59 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के संबंध में की गई। नष्टीकरण की प्रक्रिया सोमनी थाना क्षेत्र के सांकरा गांव स्थित एक निजी फैक्ट्री में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार पूरी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इन मादक पदार्थों को जब्त किया गया था। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी में इनका नष्टीकरण किया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है और भविष्य में भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
