CGNEWS: बड़ा हादसा: खुदाई के दौरान बोल्डर गिरा, दो युवकों की दबकर मौत…

सूरजपुर। जिले के लांची गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई। गिट्टी फोड़ने के लिए बोल्डर निकालने के दौरान अचानक एक विशाल पत्थर टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों युवक दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के कुछ लोग गिट्टी तैयार करने के लिए बड़े-बड़े पत्थर (बोल्डर) निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भारी बोल्डर खिसककर नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि उसके नीचे दबे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान
- बाबू लाल (18 वर्ष), पिता धनेश्वर सिंह गोड़
- जयपाल (18 वर्ष), पिता जय सिंह गोड़
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




