छत्तीसगढ़मुंगेली जिला

CG : डबल मर्डर का खुलासा जमीन विवाद में सगे भाई ने कुल्हाड़ी से की दंपती की हत्या …

By kadwaghut|02 Sep 2026, 4:55 PM
f X W

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। ग्राम नवलपुर में पति-पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के सगे छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने सो रहे भाई और भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद मामले को दूसरा रूप देने और पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया गया। मृतकों की पहचान नंदकुमार कश्यप (56) और उनकी पत्नी गौरी बाई कश्यप (52) के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने मामले में नंदकुमार के छोटे भाई नंदु कश्यप (46) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

Advertisement
Advertisement

कई दिनों तक नहीं हुआ माता-पिता से संपर्क पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को मृतक दंपती के बेटे मोहन कश्यप ने लोरमी थाने में घटना की सूचना दी थी। मोहन ने बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उसकी अपनी मां से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद मोबाइल का रिचार्ज समाप्त हो गया था। 23 अगस्त को रिचार्ज कराने के बाद मोहन ने दोबारा अपने माता-पिता से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। लगातार संपर्क नहीं होने से उसे चिंता हुई। उसने अपने चाचा नंदु कश्यप को घर जाकर माता-पिता को देखने के लिए कहा। 24 अगस्त को नंदु ने मोहन को बताया कि घर में बाहर से ताला लगा हुआ है। इसके बाद मोहन और उसका भाई बिलासपुर से नवलपुर पहुंचे। घर के पास पहुंचते ही उन्हें अंदर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद ताला तोड़कर वे घर के अंदर दाखिल हुए।

READ ALSO  राजनांदगांव : अर्जुनी मंदिर परिसर में रंगोली से सजाईं 25 पंखुड़ियां, दीये जलाए…

अलग-अलग बिस्तरों पर मिले शव घर के भीतर का नजारा देखकर दोनों के होश उड़ गए। नंदकुमार और गौरी बाई अलग-अलग बिस्तरों पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लोरमी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बिलासपुर सिम्स भेजा गया। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या के कारण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोरमी थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।

पैतृक जमीन बनी विवाद की वजह जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नंदकुमार और उसके छोटे भाई नंदु के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार के पास करीब आठ एकड़ पैतृक जमीन थी। इसमें दोनों भाइयों को तीन-तीन एकड़ जमीन मिली थी, जबकि एक एकड़ जमीन बहन के नाम की गई थी। वहीं करीब 50 डिसमिल जमीन माता-पिता के पास थी। बताया गया कि माता-पिता की देखभाल करने के कारण यह जमीन नंदु को मिलने की बात थी, लेकिन बाद में नंदकुमार ने इस जमीन में आधा हिस्सा मांग लिया। इसे लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ता चला गया।

खेत की मेड़ को लेकर हुआ था विवाद पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से एक दिन पहले दोनों भाइयों के बीच खेत की मेड़ काटने को लेकर भी विवाद हुआ था। पहले से चले आ रहे जमीन विवाद और इस झगड़े के कारण आरोपी अपने भाई से रंजिश रखने लगा था। पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में आरोपी ने रात में सो रहे नंदकुमार और गौरी बाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस जांच को भटकाने की कोशिश की। पुलिस को गुमराह करने की कोशिश हत्या के बाद आरोपी ने घर के कमरे और अलमारी खोल दी, ताकि घटना को किसी अन्य वारदात का रूप दिया जा सके और पुलिस का शक दूसरी दिशा में जाए। हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने पारिवारिक विवाद और अन्य तथ्यों को जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस ने नंदु कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मामले का खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पैतृक जमीन को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार दोहरे हत्याकांड में बदल गया।

READ ALSO  CG : एक दिवसीय ऑनलाइन रिफ्रेशर एवं N-STEP प्रशिक्षण आयोजित…
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins