बिहार / झारखण्डराज्‍य

बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, प्रशांत किशोर को शत्रुघ्न सिन्हा का साथ, BJP उम्मीदवार पर सस्पेंस

By Admin|07 Jul 2026, 8:12 PM
f X W

पटना.

Advertisement
Advertisement

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट का राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, जबकि प्रमुख विपक्षी दल और अन्य पार्टियां उम्मीदवारों का एलान कर चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं।

भाजपा की ओर से कई नामों पर चर्चा तेज है। इनमें पार्टी नेता अजीत कुमार लाली और नील रतन घोष प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व फिलहाल उम्मीदवार के चयन को लेकर मंथन में जुटा है। ऐसे में भाजपा के फैसले पर सभी राजनीतिक दलों और चुनावी विश्लेषकों की नजर टिकी हुई है। उधर, राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर रेखा कुमारी पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज से प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। जनशक्ति जनता दल ने वीणा मानवी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

11 जुलाई को नामांकन भरेंगे प्रशांत किशोर
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर लगातार बांकीपुर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वे मोहल्लों, बाजारों और विभिन्न सामाजिक समूहों से मुलाकात कर समर्थन जुटा रहे हैं। पार्टी की ओर से जानकारी दी गई है कि 11 जुलाई को वह अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पीके का खुला समर्थन किया है। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर 'बिहारी बाबू' ने इसे बिहार की राजनीति का बड़ा घटनाक्रम बताया। शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि PK के चुनाव मैदान में उतरने से बिहार ही नहीं, पूरे देश की राजनीति में नई हलचल पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि आज समय की सबसे बड़ी जरूरत एकता है और आम जनता, विशेषकर युवाओं से जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करने की अपील की।

READ ALSO  MP जहरीली शराब कांड में बढ़ा मौतों का आंकड़ा, 10 गिरफ्तार; CM मोहन यादव बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

भाजपा के फैसले पर टिकी निगाहें
बांकीपुर उपचुनाव में अब तक राजद, जन सुराज और जनशक्ति जनता दल अपने प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। ऐसे में सबसे अधिक उत्सुकता भाजपा के उम्मीदवार को लेकर है। पार्टी प्रत्याशी घोषित होने के बाद इस हाईप्रोफाइल सीट पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी। जानकारों का मानना है कि भाजपा का उम्मीदवार तय होने के साथ ही राजनीतक गरमाहट और तेज होगी।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins