मानवता की मिसाल: पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने सड़क हादसे में घायल युवक की बचाई जान, तत्काल पहुंचाया अस्पताल

रात में सड़क घायल को देख रुकवाया वाहन, एंबुलेंस और उपचार की कराई व्यवस्था
राजनांदगांव। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने शनिवार रात मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की मदद कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। उनके इस मानवीय प्रयास की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात लगभग 10:30 बजे जिला भाजपा कार्यालय के समीप एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होकर सड़क पर पड़ा हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की नजर घायल व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और घायल के पास पहुंचकर उसकी स्थिति की जानकारी ली।
घायल व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों से बातचीत कराई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अभिषेक सिंह ने तुरंत चिकित्सकों से संपर्क किया और एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। कुछ ही देर में पुलिस वाहन भी मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते घायल को अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पूर्व सांसद द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि केवल राजनीतिक जिम्मेदारियां ही नहीं निभाते, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज और लोगों की सहायता के लिए भी आगे आते हैं। अभिषेक सिंह के इस मानवीय कदम की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।



