छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ढाई साल के सीएम फॉर्मूले को लेकर पिछले दिनों दिल्ली में हाईकमान के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव की मैराथन बैठक हुई थी। हालांकि, बैठक के बाद कोई निष्कर्ष नहीं निकला, जिसके बाद भूपेश बघेल और टी एस सिंहदेव रायपुर लौट गए थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल फिर से अपने काम-काज में जुट गए हैं। वहीं, टी एस सिंहदेव फिर से दिल्ली दौरे पर आए हैं। हालांकि, उनके सूत्रों ने इसे राजनैतिक न बताकर निजी यात्रा बताया है। इससे पहले शनिवार को रायपुर पहुंचने पर टी एस सिंह देव ने कहा, ‘मैं दिल्ली में रुका हुआ था। पूरे मन से हाईकमान से चर्चा करके उनकी राय और मंशा जानी। पूरी बात हाईकमान से हो गई है। अंतिम निर्णय हाईकमान के पास सुरक्षित है। सिंह देव ने आगे कहा, ‘कुछ बातें रहती हैं जिनमें उलझनें रहती हैं, उनमें समय लगता है। हाईकमान जो निर्णय लेगा वह हमें स्वीकार्य है।’
राहुल और प्रियंका गांधी से मिल चुके हैं भूपेश बघेल
कांग्रेस शासित दो राज्यों में इस समय मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी में घमासान चल रहा है। पंजाब और छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सियासी संकट बरकरार है। पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व को मैंने अपने मन की बात बता दी है। बैठक में छत्तीसगढ़ के विकास और राजनीति के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। मैंने राहुल गांधी से अनुरोध किया कि वे छत्तीसगढ़ आएं।