
राजनांदगांव : कबीर साहेब द्वार और मठ के विकास के लिए 51 लाख रुपए स्वीकृत किए…
राजनांदगांव , विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अपने निवास कार्यालय में विभिन्न हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किया गया तथा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम नादिया में कबीर साहेब द्वार कार्य के लिए मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत 40 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की तथा कबीर साहेब मठ ट्रस्ट नादिया विकासखंड डोंगरगांव को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि के तहत 11 लाख रुपए की स्वीकृति दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को खेल प्रतियोगिता में शामिल होने की तैयारी के लिए 5 लाख रुपए की मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इसी प्रकार अन्य हितग्राहियों को भी मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर चेक वितरण किया गया। जिसमें ग्राम आलीखुंटा निवासी नोमेश कुमार साहू, गोदावरी बाई, नम्मूलाल साहू को 30-30 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। किलापारा राजनांदगांव पूनम सोनी को शिक्षा के लिए 10 हजार रुपए तथा राजनांदगांव निवासी संतोष सोनी को इलाज के लिए 10 हजार रुपए की मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास पूर्णिमा साहू आदि मौजूद रहे।



