छत्तीसगढ़ के सुकमा में मंगलवार को हुई मुठभेड़ को नक्सलियों ने फर्जी बताया है। नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी कर आरोप लगाया कि उनके दोनों साथियों को जवान देर रात करीब 3 बजे घर से उठाकर ले गए और गोमपाड़ और कन्हैयागुड़ा के बीच जंगल में गोली मार दी। यह प्रेस नोट नक्सलियों की कोंटा एरिया कमेटी की ओर से जारी किया गया है। जवानों ने इस मुठभेड़ में दो नक्सली कमांडरों को मार गिराया था।
कोंटा एरिया कमेटी के सचिव हार्डकोर इनामी नक्सली मंगड़ू ने कहा कि, हूंगा कोवासी बटेर गांव में तो वहीं मंगेश गोमपाड़ गांव में अपने परिवार के साथ था। मंगेश कई दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। गांव में ही उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार रात DRG, CRPF और कोबरा के जवान अचानक घर में घुस गए। परिवार के साथ सो रहे दोनों को उठाकर जंगल ले गए। दोनों जनमिलिशिया सदस्य थे।