छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : बड़े भाई ने बहू से किया रेप तो छोटे भाई ने किया सुसाइड, पीड़िता सदमे में …

बिलासपुर। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई शादी एक युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। राजस्थान स्थित ससुराल पहुंचने के बाद विवाहिता को जेठ की प्रताड़ना और दुष्कर्म का शिकार होना पड़ा। बाद में घटनाक्रम इतना बढ़ा कि उसके पति ने खुदकुशी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। महिला थाना पुलिस के अनुसार बिलासपुर की रहने वाली युवती का संपर्क वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से राजस्थान के एक युवक से हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद एक वर्ष पूर्व उज्जैन में विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर विवाहिता को पता चला कि उसके जेठ ने अपनी पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था और उसके पति पर भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पीड़िता के अनुसार ससुराल में उसका जेठ शुरुआत से ही उस पर गलत नजर रखता था। एक दिन मौका पाकर उसने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। जब उसने पूरी घटना अपने पति को बताई, तो पति ने परिवार और समाज की बदनामी का हवाला देकर उसे चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद भी जेठ द्वारा प्रताड़ना और शोषण जारी रहा।

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता 25 अप्रैल को ससुराल से निकल गई और मोबाइल बंद कर किसी तरह बिलासपुर पहुंची। इसके बाद 26 अप्रैल को पति ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। मामला तब और गंभीर हो गया जब 28 अप्रैल को जेठ ने विवाहिता के मायके वालों को सूचना दी कि उसके पति ने खुदकुशी कर ली है। घटना के बाद सदमे और बीमारी की हालत में कुछ दिन रहने के बाद पीड़िता महिला थाने पहुंची और आरोपी जेठ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर शून्य पर अपराध दर्ज कर मामला संबंधित क्षेत्र में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button