गरियाबंद जिलाछत्तीसगढ़

CG : गरियाबंद में 44 विकास कार्यों का भूमिपूजन …

By kadwaghut|04 May 2026, 1:42 PM
f X W

गरियाबंद । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने रविवार को गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र में 44 विकास कार्यों का भूमिपूजन कर नगरवासियों को 8 करोड़ 15 लाख 98 हजार रुपए की सौगात दी। नगर पहुंचते ही नगर पालिका परिषद के नेतृत्व में आतिशबाजी, गजमाला और जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।

Advertisement
Advertisement

नगर पालिका परिषद गरियाबंद में जिन 44 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, उनमें सबसे बड़ी नालंदा परिसर निर्माण की है, जिस पर 4 करोड़ 41 लाख 49 हजार रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा अधोसंरचना मद के तहत सीसी सड़क, नाली एवं शेड निर्माण के 30 कार्यों के लिए 2 करोड़ 91 लाख 32 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 15वें वित्त मद से 13 सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों पर 83 लाख 17 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इन विकास कार्यों से नगर की बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को बेहतर सड़क व जल निकासी व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज का दिन गरियाबंद के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि 4 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाला नालंदा परिसर और कुल 8 करोड़ 15 लाख रुपए के विकास कार्य नगर के विकास की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की आधुनिक पढ़ाई के लिए सेंट्रल लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी, वहीं सीसी सड़क, नाली और अन्य अधोसंरचना कार्यों से शहर को नई पहचान मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में गरियाबंद नगर के लिए 22 करोड़ 79 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। यह स्वीकृतियां बताती हैं कि सरकार शहर को किस तरह विकास की दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है, ताकि शहर स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक बन सके। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कहा कि नाली और सड़कों में कचरा नहीं फेंकें। बाहर से आने वाले लोग सबसे पहले शहर की व्यवस्था और स्वच्छता देखते हैं, इसलिए गरियाबंद को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर में बुजुर्गों के लिए गार्डन, बच्चों के लिए खेल मैदान और नागरिकों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

READ ALSO  AC कोच भी नहीं सुरक्षित! रायपुर आ रही छात्रा की सोने की चेन चोरी, 29 दिनों में 14 केस

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारी सरकार ने गरियाबंद को ग्राम पंचायत से नगर पालिका और फिर जिला बनने तक विकास की नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनने पर चौमुखी विकास होता है और आज 8 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसका प्रमाण है। विधायक साहू ने नालंदा परिसर की तर्ज पर बनने वाली सेंट्रल लाइब्रेरी के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया और नगर में ऑडिटोरियम निर्माण की मांग दोहराई। इस दौरान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक संस्थाओं के लिए करीब 2 करोड़ रुपए की अतिरिक्त स्वीकृति भी दी। उन्होंने दो अलग-अलग पत्रकार भवनों के लिए 5-5 लाख रुपए, प्रजापति ब्रह्मकुमारी आश्रम भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, साहू समाज के लिए 25 लाख रुपए तथा नगर पालिका के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव लेकर आइए, स्वीकृति तुरंत दी जाएगी। इस दौरान राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, अनिल चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, पूर्व अध्यक्ष गफ्फू मेमन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins