
राजनांदगांव : जय भवानी व्यायाम शाला में 5 मई से शुरू होगा वेटलिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर…
राजनांदगांव | खेल एवं युवक कल्याण विभाग, जय भवानी व्यायामशाला तथा जिला भारोत्तोलन संघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) प्रशिक्षण शिविर 5 मई से स्थानीय जय भवानी व्यायामशाला में प्रारंभ होगा। 30 दिवसीय यह नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक संचालित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य छोटे बालक-बालिकाओं में वेटलिफ्टिंग खेल के प्रति रुचि विकसित करना तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों को खेल प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष अमित आजमानी ने बताया कि स्थानीय खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन खेल विकास नीति में सहयोग देने के लिए जय भवानी व्यायामशाला विगत कई वर्षों से लगातार ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने में मदद मिलेगी। यह जानकारी जय भवानी व्यायामशाला के सचिव शेख वसीम, सहसचिव अशोक श्रीवास एवं नीरज शुक्ल ने दी।
