
राजनांदगांव : ट्रॉली पलटने से बालक की मौत चालक व मालिक जेल भेजे गए…
राजनांदगांव , जिले के गैंदाटोला थाना क्षेत्र में खेत समतलीकरण के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 वर्षीय बालक की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से बालक के शव को करीब तीन किलोमीटर दूर खेत में ले जाकर फेंक दिया था।
पुलिस ने बताया कि ग्राम मातेखेड़ा निवासी रघुवीर सिंह मंडावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अप्रैल की शाम उनका पुत्र भावेश मंडावी घर से लापता हो गया था। परिवार के लोगों से पूछताछ में पता चला कि गांव का जशवंत नेताम उसे बिना बताए ट्रैक्टर में अपने साथ ले गया था। अगले दिन सुबह तक बालक के घर नहीं लौटने पर थाना गैंदाटोला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही जशवंत नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि गांव के ओमप्रकाश साहू के खेत में समतलीकरण कार्य चल रहा था।
मिट्टी लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान नाबालिग भावेश मंडावी को ट्रॉली का हुक खोलने के लिए कहा गया। इसी दौरान ट्रैक्टर को आगे-पीछे करते समय ट्रॉली पलट गई और बालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जशवंत नेताम और ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू ने मिलकर शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर केशोटोला के खेत में ले जाकर फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से बालक का शव बरामद किया और पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया भेजा।



