छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

CG : कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा पटवारी कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण …

By kadwaghut|08 Aug 2026, 1:19 PM
f X W

राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा स्थित पटवारी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बटांकन, स्वामित्व योजना सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा पटवारी हल्का में नक्शा बटांकन की 54 प्रतिशत प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा आगामी एक सप्ताह में नक्शा बटांकन की प्रगति 75 प्रतिशत तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित नामांतरण एवं बटवारा प्रकरणों का अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण करने के साथ ही किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने कहा। स्वामित्व योजना के तहत लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Advertisement
Advertisement

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर –

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सुंदरा के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के बीच शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली बिल में बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है। ग्रामीणों को योजना के लाभों की जानकारी देने के लिए चौपाल आयोजित कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीयन कराकर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

READ ALSO  राजनांदगांव : शिक्षक राजेश ने सम्मान की राशि से मरदकठेरा स्कूल को संवारा, जन्मदिन पर बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री…

प्रधानमंत्री आवास के अपूर्ण एवं अप्रारंभ कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश –

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की। ग्राम सुंदरा में योजना के तहत स्वीकृत 48 आवासों में से 32 आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने शेष अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर सभी आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई –

कलेक्टर द्वारा जनसामान्य से जुड़े राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए लगातार तहसीलों एवं पटवारी कार्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने ग्राम सुंदरा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान चलाकर लंबित राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों एवं किसानों से जुड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कोई भी किसान एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को पंजीयन कार्य की सतत निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत किसानों को पोर्टल से जोडऩे के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins