मध्य प्रदेश

भोपाल में कारोबारी से 10 करोड़ रंगदारी मांगने पर लॉरेंस गैंग के खिलाफ एफआईआर, जान से मारने की धमकी

By Admin|21 Mar 2026, 7:52 PM
f X W

भोपाल 

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क का खौफ अब राजधानी भोपाल तक पहुंच गया। इंदौर, खरगोन और अशोक नगर के बाद अब भोपाल में भी उसके गुर्गों की सक्रियता सामने आई है। ताजा मामला कोलार रोड क्षेत्र का है, जहां एक कारोबारी को 10 करोड़ रुपए की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की खुली धमकी दी गई है। 

जानकारी के अनुसार, कोलार रोड निवासी कारोबारी और समाजसेवी गौरव जैन को करीब चार दिन पहले एक व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए 10 करोड़ रुपए की मांग की। शुरुआत में कारोबारी ने इस कॉल को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन तीन दिन बाद 20 मार्च को उसी नंबर से दोबारा कॉल आया। इस बार आरोपी ने न केवल पैसे की मांग दोहराई, बल्कि मना करने पर गौरव जैन को जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

खतरे का अंदेशा
धमकी को गंभीर मानते हुए गौरव जैन तुरंत कोलार थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि बदमाशों ने व्हाट्सएप ऑडियो कॉल पर खुली चुनौती दी है, जिससे खतरे का अंदेशा बढ़ गया है।

संगठित अपराध को लेकर नई चिंता
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने पुष्टि की है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश में लॉरेंस गैंग की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं।

READ ALSO  राज्य सरकार ने 10 लाख से अधिक ज़रूरतमंद परिवारों के अपने पक्के घर के स्वप्न को किया साकार

इंदौर में एक कारोबारी से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी, जबकि खरगोन में 15 लाख रुपए की रंगदारी नहीं देने पर एक कारोबारी के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। वहीं, अशोक नगर में पुलिस ने इसी गैंग से जुड़े एक बदमाश को गिरफ्तार भी किया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। 

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button