छत्तीसगढ़महासमुन्द जिला

CG : पुलिस की ‘End-to-End’ स्ट्राइक, 24 घंटे के अंदर सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन पाॅईंट तक गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर प्रहार …

By kadwaghut|01 Sep 2026, 11:36 AM
f X W

महासमुंद: जिले की पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गांजा तस्करी के सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचते हुए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ओडिशा के बलांगीर जिले से गांजा सप्लायर बनमाली बाघ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सभी थाना-चौकी को दिए गए निर्देशों के तहत की गई। निर्देशों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क, फाइनेंशियल लिंक, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया था।

Advertisement
Advertisement

मामला 30 अगस्त 2026 का है, जब थाना बसना पुलिस को अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध डिजायर कार की सूचना मिली। पुलिस ने सघन जांच के दौरान कार क्रमांक CG 08 BF 7700 की तलाशी ली, जिसमें 12.260 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। मौके से पुलिस ने कार में सवार तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले के जोगीमुड़ा निवासी बनमाली बाघ से लेकर राजनांदगांव जा रहे थे।

इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी जांच और डेटा एनालिसिस के आधार पर पुलिस मुख्य सप्लायर तक पहुंची। महासमुंद पुलिस की टीम को ओडिशा के बलांगीर जिले भेजा गया, जहां थाना पटनागढ़ पुलिस को सूचना देते हुए बनमाली बाघ को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी बनमाली बाघ (37 वर्ष), पिता लंबोदर बाघ, निवासी जोगीमुड़ा, थाना पटनागढ़, जिला बलांगीर ओडिशा बताया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन अंतरराज्यीय गांजा तस्कर है और पहले भी तस्करी के मामलों में शामिल रह चुका है।

READ ALSO  प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मल्हनिया जलाशय में बदली मछुआरों की जिंदगी

पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल पहले गिरफ्तार तस्करों से संपर्क करने के लिए किया गया था। इस पूरे मामले में थाना बसना में अपराध क्रमांक 469/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार, गांजा और पांच मोबाइल समेत पुलिस ने करीब 11 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी बनमाली बाघ को न्यायालय सरायपाली में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। महासमुंद पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के खिलाफ आगे भी एंड-टू-एंड कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins