छत्तीसगढ़

CG : ट्यूशन क्लास से घर लौट रहे किशोर को कार ने कुचला, मौत …

जगदलपुर. शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. ट्यूशन से घर लौट रहा 13 वर्षीय छात्र दक्ष पिल्लई सड़क हादसे का शिकार हो गया. बोधघाट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. दक्ष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

जानकारी के अनुसार आकाश नगर निवासी पवन पिल्लई का बेटा दक्ष पिल्लई कालीपुर स्थित हेम एकेडमी में कक्षा सातवीं का छात्र था. शनिवार शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर वह तीन दोस्तों के साथ साइकिल से ट्यूशन से लौट रहा था. एलआईसी रोड पर माहरा समाज भवन के पास पहुंचते ही धरमपुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने उसे टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए तत्काल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया.लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Related Articles

Back to top button