छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

अर्जुनी रेत उत्खनन पर जताई कड़ी आपत्ति, पंचायत ने प्रस्ताव निरस्त किया

राजनांदगांव। जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के ग्राम अर्जुनी ने अपने क्षेत्र में प्रस्तावित रेत उत्खनन को लेकर स्पष्ट आपत्ति जताते हुए इसे गांव के हित में हानिकारक बताया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा कलेक्टर (खनिज शाखा) राजनांदगांव को पत्र प्रेषित किया गया है।

पत्र में उल्लेख है कि ग्राम अर्जुनी में रेंज 32 तहसील डोंगरगढ़ अंतर्गत शिवनाथ नदी के किनारे 667 हेक्टेयर क्षेत्र का चयन रेत उत्खनन हेतु किया गया था। कलेक्टर कार्यालय द्वारा प्राप्त पत्र क्रमांक के पालन में 18 अक्टूबर 2024 को ग्राम सभा आयोजित की गई थी, जिसमें ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिवनाथ नदी से रेत उत्खनन होने पर नदी का क्षरण होगा, साथ ही गांव की कृषि गतिविधियों, जलस्तर और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

पंचायत ने स्पष्ट किया कि शिवनाथ नदी पहले ही कटाव के खतरे से जूझ रही है। ऐसे में रेत उत्खनन होने पर स्थिति और गंभीर हो जाएगी। ग्रामीणों को आशंका है कि इससे गांव का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है।

ग्राम पंचायत अरजुनी के सरपंच व सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव अर्जुनी नदी से रेत उत्खनन के लिए अनुमति नहीं दी जाएगी तथा शासन को प्रस्ताव निरस्त करने की अनुशंसा भेज दी गई है।

पंचायत द्वारा हस्ताक्षरित यह प्रस्ताव 12/11/2025 को आधिकारिक रूप से कलेक्टर कार्यालय प्रेषित किया गया।

Related Articles

Back to top button