DPR छत्तीसगढ समाचारबलौदाबाजार ज़िला

CG : संपर्क केंद्र की पहल पर राहुल का नवोदय विद्यालय में प्रवेश का रास्ता हुआ आसान

By kadwaghut|05 Jun 2026, 3:41 PM
f X W

प्रशासन के त्वरित कार्यवाही से समय पर मिला केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र

Advertisement
Advertisement

बलौदाबाजार, कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जनता की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित संपर्क केंद्र एक बार फिर किसी जरूरतमंद के लिए संकट मोचक बनकर उभरा है। नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिये जरुरी केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र के आवेदन पर संपर्क केन्द्र द्वारा त्वरित कार्यवाही से छात्र को प्रमाण पत्र उपलब्ध हुआ। ग्राम गुडेलिया निवासी आवेदक ग्वालचंद यादव के पुत्र राहुल यादव का चयन नवोदय विद्यालय लवन में हुआ था। प्रवेश की प्रक्रिया में केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र एक अनिवार्य दस्तावेज था, जिसके अभाव में छात्र का दाखिला अटक गया था।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस प्रमाण पत्र को जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई 2026 निर्धारित की गई थी, जिससे छात्र के उज्ज्वल भविष्य पर संकट मंडराने लगा था। बेटे के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवेदक ग्वालचंद यादव ने स्थायी और केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र बनवाने हेतु संपर्क केंद्र में अत्यंत आशा के साथ अपना आवेदन प्रस्तुत किया। संपर्क केंद्र ने मामले की संवेदनशीलता और छात्र के भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए इस पर तत्काल संज्ञान लिया। अधिकारियों और संबंधित विभाग की त्वरित सक्रियता के फलस्वरूप, तय समय-सीमा के भीतर ही आवेदक को केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र जारी कर प्रदाय कर दिया गया।

समय पर आवश्यक दस्तावेज मिल जाने से राहुल के नवोदय विद्यालय में प्रवेश का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। इस त्वरित और सकारात्मक सहयोग से भावुक होकर आवेदक ग्वालचंद यादव ने शासन-प्रशासन की इस जनहितैषी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया है।
संपर्क केंद्र आज आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के निवारण का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जहाँ बिना किसी विलंब के लोगों को राहत मिल रही है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी किसी भी समस्या या शिकायत के त्वरित समाधान के लिए संपर्क केंद्र के हेल्पलाइन नंबर +91-92018-99925 पर संपर्क कर सकते हैं।

READ ALSO  CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बेमेतरा प्रवास आज : 183 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins