चाय-पानी के बहाने पुलिसकर्मियों में कसावट लाने की कवायद
![](https://www.kadwaghut.com/wp-content/uploads/2021/06/3.jpg)
राजनांदगांव। रात्रि गश्त में तैनात सुस्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में कसावट लाने नई तरह की कवायद की जा रही है। बार-बार वायरलेस मैसेज के जरिए लोकेशन व सक्रियता जानने के बजाय रात्रि गश्त में लगे पुलिस वालों को अब चाय-पानी के बहाने महावीर चौक पर बुलाया जाता है। वहां पहुंचकर उन्हें न केवल गश्त के दौरान किए गए भ्रमण की जानकारी दी जा रही, बल्कि रात में सजगता का भी प्रमाण लिया जा रहा। इस दौरान उनके बिस्किट के साथ चाय-पानी का भी इंतजाम होता है।
शहर व आसपास से लगे क्षेत्रों में रात में करीब 50-60 जवान व अधिकारी ड्यूटी करते हैं। इनमें पेट्रोलिंग पार्टी, पाइंट ड्यूटी के अलावा पीसीआर पार्टी भी होती है।अब तक रात्रि गश्त में तैनात कर्मियों की निगरानी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी। इस कारण कई कर्मी बेपरवाही से ड्यूटी करते थे। माना जा रहा है कि इस तरह की शिकायत को दूर करने के लिए ही चाय-बिस्किट वाला यह प्रयोग किया जा रहा है।
बनाई गई व्यवस्था के अनुसार ड्यूटी के दौरान रात में नींद या थकान होने पर अगर जवान चाय-बिस्किटलेना चाहता है तो वह पास की दूसरी टीम को सूचित कर अपनी लोकेशन पर बुलवा लेता है। ताकि वह क्षेत्र उस दौरान खाली न रह जाए। चाय पीकर वापस चले जाते हैं। चाय-पानी के दौरान अधिकारी जरूरी जानकारी लेते-देते हैं।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस के जवानों को रात 10 बजे से ही मैदान संभालना होता है। सुबह चार बजे के बाद ही ड्यूटी समाप्त होती है। इस दौरान होटल-ढाबे वगैरह बंद होते हैं। ऐसे में जरूरत पड़ने पर चाय-बिस्किट तो दूर पानी के लिए भी कई बार भटकना पड़ जाता है। अभी कोरोना काल में परेशानी ज्यादा है। पुलिस की नई व्यवस्था से जवानों को काफी राहत की उम्मीद की जा रही है।
एएसपी प्रज्ञा मेश्राम के अनुसार महावीर चौक पर पुलिस हेल्प डेस्क के पास रात में जवानों व अधिकारियों को चाय-बिस्किट दिया जा रहा है। इससे वे स्फूर्ति व ताजगी का अनुभव कर रहे हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य मुस्तैदी के साथ ड्यूटी है। नई व्यवस्था के तहत उसे हर तरह से दुरूस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।