बिलासपुर। होली की उमंग के बीच दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं शराब पीने के आदी एक युवक का शव संदिग्ध हालत में खेत में पड़ा मिला। ग्राम लूफा निवासी शिव महाराज की बेटी साक्षी पाव थी कक्षा दूसरी की छात्रा थी। चार दिन पहले उसकी मां रामकली पाव उसे होली मनाने के लिए मायके कुसुमखेड़ा छोड़कर अपने गांव लौट गई थी। 14 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे साक्षी अपनी सहेली दिशा पाव और अन्य बच्चों के साथ होली खेल रही थी। इसी दौरान, कोनचरा रोड की ओर से एक युवक तेज गति से बाइक चलाते हुए आया और अनियंत्रित होकर साक्षी को टक्कर मार दी। साक्षी को गंभीर चोटें आई थीं, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार की शाम को रेमंड परसदा निवासी पुनीत राम श्रीवास (75) अपने नाती महेश कुमार श्रीवास के साथ बाइक से सरकंडा के अशोक नगर स्थित अपने रिश्तेदारों के घर गए थे। शाम करीब 5 बजे वे लौट रहे थे। जब वे मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। महेश को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दादा पुनीत राम को मामूली चोटें आईं। मस्तूरी थाना क्षेत्र में ही होली खेलने घर से निकले युवक का शव अगली सुबह खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला।
मस्तूरी थाना क्षेत्र के हिर्री ग्राम का रहने वाला राहुल कुर्रे (25), पिता हरप्रसाद कुर्रे शराब पीने का आदी था। शनिवार सुबह गांव से बाहर खेत में उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया अधिक शराब पीने के कारण गिरने से मौत होने की बात कह रही है। असली कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।