छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : बिलासपुर में 2.14 लाख लोगों ने नहीं बनवाया आयुष्मान कार्ड

बिलासपुर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 12 और 13 फरवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। दरअसल, निगम क्षेत्र के करीब 2 लाख 14 हजार लोगों ने आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, जिसके लिए कलेक्टर ने पहल शुरू की है।

इस अभियान के लिए 206 शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्हें बुधवार को प्रशिक्षण दिया गया। निगम क्षेत्र की राशन दुकानों में 12 और 13 फरवरी को आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। अभियान के पहले दिन 12 फरवरी को निगम के वार्ड क्रमांक 1 से 35 तक और दूसरे दिन 13 फरवरी को वार्ड 36 से 70 तक बनाया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक यहां आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।

शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी, दी गई ट्रेनिंग

जिन कर्मचारियों की ड्यूटी इस अभियान में लगी है, उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में बुधवार को 206 शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को मोबाइल एप के माध्यम से कार्ड बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए राशन और आधार कार्ड का होना जरूरी है। परिवार के हर सदस्य का अलग-अलग कार्ड बनाया जाएगा। कलेक्टर अवनीश शरण ने अपील की है कि इस अभियान में अधिक से अधिक लोग शामिल होकर आयुष्मान कार्ड पंजीयन कार्यक्रम को सफल बनाएं। आम जनता की सुविधा के लिए राशन दुकानों में शिविर लगाया जा रहा है।

5 लाख रुपए तक इलाज की है सुविधा

बता दें कि शहर में रहने वाले करीब 2 लाख 14 हजार लोगों ने आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाए हैं। कार्ड के इस्तेमाल से 5 लाख रुपए तक के इलाज सुविधा पंजीकृत अस्पतालों में मुफ्त मिलती है।

advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button