कोरबा जिलाछत्तीसगढ़

CG : हाईटेंशन तार की चपेट में आया मजदूर करंट लगते ही छत से गिरा …

By kadwaghut|24 Sep 2026, 10:26 AM
f X W

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र की अयोध्यापुरी बस्ती में बुधवार को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान एक मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया और संतुलन बिगड़ने के बाद छत से नीचे गिर गया। घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अयोध्यापुरी बस्ती में रविंदर सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। मजदूर मकान की ऊपरी मंजिल पर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। मकान के ऊपर से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है।

बताया जा रहा है कि काम के दौरान मजदूर का हाथ या उसके पास मौजूद कोई औजार बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया। इसके बाद संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे जा गिरा। हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अयोध्यापुरी इलाके में हाईटेंशन तार के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली लाइन के आसपास निर्माण कार्य होने के बावजूद सुरक्षा मानकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हालांकि पूर्व में हुई घटनाओं और मौतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी गई है। मामले में जांच के बाद हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और सुरक्षा मानकों से संबंधित स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

READ ALSO  CG : छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, मानसून विदा फिर भी गरजेंगे बादल ...
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button