
राजनांदगांव , गोल बाजार के मटन मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब दुकानदारों के विस्थापन पर पेंच फंस गया है। नगर निगम ने हाट बाजार के एक बड़े हॉल में चबूतरे तैयार कर प्रभावितों को जगह दिखाते हुए जल्द आवंटन की बात कही है, लेकिन आधे दुकानदार वहां जाने को राजी नहीं हैं। एक पक्ष ने व्यवस्था को नाकाफी बताकर चबूतरे पर दुकान लगाने में दिक्कतें गिनाईं, तो दूसरा पक्ष गोल बाजार में ही जगह देने की मांग पर अड़ा रहा।
प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती दावेदारों की बढ़ी संख्या है। राजगामी संपदा न्यास ने गोल बाजार में 30 दुकानदारों को नोटिस देकर सोमवार सुबह कार्रवाई की थी, लेकिन अब हाट बाजार में जगह मांगने वालों की संख्या 70 से अधिक हो गई है। पसरा लगाने वाले भी जगह मांग रहे हैं। मटन मार्केट में कार्रवाई के बाद राजगामी संपदा न्यास अब गोल बाजार के सामान्य दुकानदारों से सालों से बकाया किराया वसूलने की तैयारी में है।
गोलबाजार में रात के अंधेरे में दुकानों पर चली बुलडोजर कार्रवाई पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने महापौर मधुसूदन यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए जिला प्रशासन, राजगामी संपदा न्यास व नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
हाट बाजार में बने एक ही बड़े हॉल में चबूतरे बनाकर प्रशासन सभी को विस्थापित करना चाहता है। वहीं, इस मामले में अलग-अलग मांस बेचने वाले दुकानदारों का कहना है कि एक ही स्थान पर अलग-अलग दुकानें लगाकर व्यापार करना संभव नहीं है, इसलिए उन्हें अलग हिस्सों में जगह आवंटित की जाए। हाट बाजार में विस्थापन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जल्द ही यहां जगह आवंटित की जाएगी। इसके बाद दुकानें लगाई जा सकेंगी।


