
डोंगरगांव , ग्राम मोहड़ में भारत स्काउट गाइड रोवर रेंजर द्वितीय सोपान प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का शुभारंभ रविवार को हुआ। तीन दिवसीय शिविर में अलग-अलग स्कूलों से आए करीब 125 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। स्काउटिंग गतिविधियों के साथ अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, सामाजिक दायित्वों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अतिथियों ने कहा कि स्काउट और गाइड सिर्फ प्रशिक्षण नहीं है। यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का मजबूत माध्यम है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग, साहस, समयबद्धता, कठिन हालात से निपटने की क्षमता बढ़ती है। कार्यक्रम में भाजपा नेता दिनेश गांधी, स्काउट गाइड संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष बालकृष्ण सिन्हा, जिपं सभापति जागृति यदु ने विचार रखे। शिविर में प्रतिभागियों को स्काउटिंग के नियम, प्रतिज्ञा, गांठों के प्रकार, प्राथमिक उपचार, बिना बर्तनों के भोजन बनाने की कला, टेंट निर्माण, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, सेवा गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सामूहिक गतिविधियों से आपसी सहयोग, टीम भावना, नेतृत्व कौशल पर भी जोर रहेगा। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स विकासखंड संघ के उपाध्यक्ष धरमचंद बोथरा, कोषाध्यक्ष हेमंत चोपड़ा, जनपद सदस्य हरिला देवेन्द्र साहू, सरपंच मधु ओमेश यदु, पूर्व सरपंच आशा भूषण देवांगन, स्काउट संघ के ब्लॉक सचिव टोमन पटेल, शिविर संचालक ललिता कोसारे आदि मौजूद रहे।
प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अहम पड़ाव: बीईओ जयंत साहू ने बताया कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए स्काउटिंग का अहम पड़ाव है। इसमें पुस्तकीय ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग सिखाया जाएगा। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मोहड़ में चल रहे शिविर को लेकर विद्यार्थियों में खास उत्साह है। लक्ष्य से अधिक अभी तक करीब 122 बच्चों की सहभागिता हुई है। करीब 20 स्काउटर और गाइडर, 15 सर्विस रोवर सेवा दे रहे हैं।
