राजनांदगांव , छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में राजनांदगांव की अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेट ग्रुप की चैंपियन नारायणपुर को 101 रनों से शिकस्त दी। कांकेर के एनसीजी क्रिकेट मैदान में मिली इस जीत के साथ ही राजनांदगांव ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 277 रन बनाए। जवाब में नारायणपुर की टीम 44.5 ओवर में 176 रन पर सिमट गई।
राजनांदगांव की पारी की शुरुआत कप्तान श्रेयांश शांडेकर और ऋषि यादव ने शानदार अंदाज में की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया। श्रेयांश ने 40 और ऋषि ने 49 रन बनाए। मध्यक्रम में युक्तार्थ देवांगन ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए महत्वपूर्ण 66 रन जोड़े और टीम को 277 रन तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नारायणपुर की टीम राजनांदगांव के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। तीर्थ राठौर और नीतीश यादव ने तीन-तीन विकेट लिए, गुलाम अशरफ ने दो विकेट चटकाए।
दिग्विजय स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में रायपुर ने दुर्ग को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराया। नवनिर्मित तेज विकेट पर रायपुर के गेंदबाजों ने कहर बरपाया। दुर्ग की पूरी टीम महज 9 ओवर में 23 रन पर ढेर हो गई। रायपुर के आयुष विश्वकर्मा ने 6 और अविरल तिवारी ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। रायपुर ने 24 रन का लक्ष्य दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
