राजनांदगांव : अंडर-19 क्रिकेट में राजनांदगांव की 9 विकेट से धमाकेदार जीत…
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की अंतर जिला अंडर-19 पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में राजनांदगांव और प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने भिलाई क्रिकेट एसोसिएशन को 9 विकेट से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ ने रायपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन को 6 विकेट से हराया। राजनांदगांव की जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद कप्तान श्रेयांश शांडेकर और ऋषि यादव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी निर्णायक रही। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी कर टीम को 28 ओवर में ही जीत दिला दी।
एनसीजी कांकेर के मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भिलाई क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 44.3 ओवर में 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भिलाई के सलामी बल्लेबाज यशराज सिंह और अथर्व जोशी ने आक्रामक शुरुआत करते हुए महज 4 ओवर में 32 रन जोड़ दिए। यशराज ने 27 और अथर्व ने 25 रन बनाए। इसके बाद राजनांदगांव के तेज गेंदबाज चुम्मन निषाद और लेग स्पिनर गुलाम अशरफ ने मोर्चा संभाला। दोनों ने अगले 19 ओवर में महज 53 रन देकर क्रमशः 3 और 2 विकेट झटके। इससे भिलाई की रन गति पर अंकुश लग गया। निचले क्रम में अंश फूले ने 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया।
आज राजनांदगांव का मुकाबला नारायणपुर से: प्रतियोगिता में शनिवार को राजनांदगांव का मुकाबला प्लेट ग्रुप की विजेता जिला क्रिकेट एसोसिएशन नारायणपुर की टीम से एनसीजी कांकेर मैदान में होगा। वहीं रायपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन और जिला क्रिकेट एसोसिएशन दुर्ग की टीमें दिग्विजय स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
श्रेयांश और ऋषि ने 28 ओवर में ही दिलाई जीत 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान एवं विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज श्रेयांश शांडेकर और ऋषि यादव ने भिलाई के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। दोनों ने शानदार शॉट लगाते हुए 28 ओवर में दूसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी कर जीत लगभग तय कर दी। श्रेयांश ने 73 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि ऋषि यादव 64 रन बनाकर नाबाद रहे। राजनांदगांव ने एक विकेट खोकर 161 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
