राजनांदगांव। जिले के टेड़ेसरा स्थित ओरिएंट इस्पात कंपनी में करंट लगने से हुई मजदूर की मौत के बाद मुआवजे को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात समझौते के साथ समाप्त हो गया। कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को कुल 20 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई है। इसमें 5 लाख रुपये की तत्काल राहत राशि परिजनों को सौंप दी गई है, जबकि शेष 15 लाख रुपये नियमानुसार आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह नवागांव निवासी 27 वर्षीय पुरानिक साहू ओरिएंट इस्पात कंपनी में कार्य के दौरान करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कंपनी परिसर पहुंच गए।
मुआवजे की मांग को लेकर धरना, देर रात तक चला हंगामा
मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर कंपनी परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मजदूर, ग्रामीण और परिचित भी मौके पर जुट गए। दिनभर कंपनी परिसर में तनाव का माहौल बना रहा और प्रबंधन तथा परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई।
स्थिति को देखते हुए सोमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर वार्ता कराई। रात करीब 10 बजे तक बातचीत का दौर चलता रहा। इस दौरान कई बार तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति भी बनी।
20 लाख मुआवजे पर बनी सहमति
लंबी चर्चा के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई। तत्काल 5 लाख रुपये की सहायता राशि परिजनों को प्रदान कर दी गई, जबकि शेष 15 लाख रुपये निर्धारित कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाएंगे।
हादसे की जांच जारी
मजदूर की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
