
राजनांदगांव , शहर के पारंपरिक तीन दिवसीय मोहारा मेले की शुरुआत 23 नवंबर से होगी। मेले की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस साल मेले का आयोजन 23, 24 और 25 नवंबर को होगा। मेले के सफल आयोजन के लिए नगर निगम का अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव ने निगम की टीम और जनप्रतिनिधियों के साथ मेला स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक जनसुविधाएं एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहारा व हल्दी घाट की गहन सफाई कराई जाए।
कार्तिक पुन्नी स्नान के दौरान दूर-दराज से आने वाली श्रद्धालु महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जाएं, ताकि सुबह स्नान के समय उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।
मध्यम-भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित भारी व मध्यम वाहनों का प्रवेश मोहारा क्षेत्र में तीन दिन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बालोद धमतरी की ओर से राजनांदगांव की आने वाली भारी व चार पहिया वाहन सुरगी से डायवर्सन होंगे। दल्लीराजहरा की ओर से आने वाले वाहन जेवर तला से डायवर्सन होकर जाएंगे।
पेयजल के लिए स्टेन पोल लगाए जा रहे हैं मेले से एक दिन पूर्व पूरे मेला परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी। पेयजल के लिए जगह-जगह स्टेन पोल लगाए जा रहे हैं। पर्याप्त रोशनी के लिए बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़कों के दोनों ओर पसरा दुकानदारों के लिए स्पष्ट मार्किंग व वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए गए। मेले के दौरान दो दिनों तक शाम के समय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
