राजनांदगांव : त्योहारी सीजन में परिवहन व्यवस्था बेपटरी : ट्रेनें लेट, 7 घंटे तक बसों में फंसे यात्री, ट्रकों से सामान की सप्लाई ठप...
त्योहारी सीजन में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं। वहीं ड्राइवरों की हड़ताल में यात्री बसों को रोका जा रहा है। ट्रकों के समय पर शहर नहीं पहुंचने से ट्रांसपोर्टर्स परेशान हो गए हैं। पाटेकोहरा नाके में वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है। गुरुवार रात पुलिस की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के बैनर तले जारी हड़ताल के तहत ड्राइवरों ने प्रदर्शन किया। वाहन चालकों से समर्थन मांगा, समर्थन नहीं देने पर दोबारा मत आना और दिखना नहीं जैसी धमकी दी वहीं पुलिस ने यात्री बसों को रॉन्ग साइड से रवाना किया। कई स्थानों पर सात-सात घंटों तक यात्री बसों को रोका गया। इससे यात्री परेशान हुए।
शुक्रवार को दूसरे दिन भी फरहद चौक में ड्राइवरों ने मांगों पर नारेबाजी की। ड्राइवर आयोग का गठन, वेलफेयर बोर्ड का गठन, ड्राइवरों के लिए सुरक्षा कानून बनाने की मांग शामिल है। शनिवार को शहर के चौराहों में वाहनों को रोक समर्थन जुटाने की प्लानिंग है। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के जिला अध्यक्ष हेमनाथ देवांगन ने बताया इन तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार शाम उन्हें मंत्रालय बुलाया गया है। शाम करीब 6 बजे वार्ता में शामिल प्रदेश से पदाधिकारियों ने कहा मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
छठ पर्व के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं। शुक्रवार को गोंदिया की दिशा में जाने वाली एलटीटी एक्सप्रेस करीब साढ़े 5 घंटे, मेल 2 घंटे, ज्ञानेश्वरी 3 घंटे, जन शताब्दी 1 घंटे, आजादहिंद 5 घंटे, इतवारी पैसेंजर 2 घंटे, अहमदाबाद करीब 4 घंटे, बरौनी एक्सप्रेस 1 घंटे, मूक माटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। रायपुर की दिशा में छत्तीसगढ़ 1 घंटे, जेडी पैसेंजर 1 घंटे, मूक माटी 2 घंटे, शालीमार एक्सप्रेस 1 घंटे देरी से पहुंची। अफसरों ने रेल खंडों में निर्माण काम को लेटलतीफी का कारण बताया।
ट्रांसपोर्ट संघ से मिली जानकारी अनुसार पहले दिन ट्रकों को रोका गया जिससे समय पर शहर में सामान नहीं पहुंचा। इससे कई तरह की समस्या हुई। लेकिन प्रशासन और पुलिस की समझाइश और हस्तक्षेप के बाद ट्रकों को आगे रवाना किया जा रहा है। ड्राइवर संघ के अध्यक्ष हेमनाथ देवांगन ने बताया दूसरे दिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन और नारेबाजी की, ड्राइवरों से समर्थन मांगा गया। किसी को डराया -धमकाया नहीं गया। इमरजेंसी सेवा वाले वाहनों को जाने दिया गया। एसडीएम गौतम पाटिल ने बताया शांति है कहीं कोई बड़ी घटना भी सामने नहीं आई है।
आरटीओ अनिल भगत का कहना है धरना स्थल फरहद चौक में पहुंच कर ड्राइवरों को शांतिपूर्ण ढंग से हड़ताल कर अपनी बात रखने समझाइश दी गई है। समर्थन जुटाने चलते वाहनों खासकर यात्री बसों को नहीं रोकने कहा है। अब यात्री बसों और सब्जी, फल, दूध वाले वाहन, एंबुलेंस को नहीं रोका जा रहा है। ड्राइवरों की मांगें राज्य शासन स्तर की है जो वहीं से पूरी होगी। जिले में धरना स्थल के अलावा, नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और अन्य सड़कों में पेट्रोलिंग की जा रही है।
