
राजनांदगांव , मारपीट के दौरान चाकू से हमला करने के बाद घायल युवक के शरीर में चाकू का टुकड़ा रह जाने का मामला सामने आया है। पिधले दिनों लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद में घायल युवक का पहले शासकीय अस्पताल में उपचार कराया गया था।
कुछ दिन बाद कमर में दर्द बढ़ने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चोट वाली जगह से चाकू का छोटा हिस्सा निकलने की बात सामने आई। घटना ने शुरुआती उपचार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। छिरपानी निवासी संजय साहू (44) ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे उनका बेटा विवेक साहू लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन देखने बधियाटोला गया था।
विसर्जन के दौरान शिवा के साथ विवाद हुआ। इसके बाद विसर्जन कर लौटते समय बधियाटोला नाहरपारा स्थित सुलभ शौचालय के पास गगन, निलेश और राज यादव ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि शिवा ने चाकू से हमला कर विवेक को कमर के पास घायल कर दिया। घायल विवेक ने शासकीय अस्पताल में उपचार कराया और घर लौट गया।
कुछ दिन बाद चोट वाली जगह पर दर्द बढ़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान चाकू का छोटा टुकड़ा निकलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पिता संजय साहू ने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जाता है कि पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


