
CG: “सही दवा शुद्ध आहार अभियान” का सफल समापन, प्रदेशभर में चला सघन निरीक्षण अभियान
रायपुर, 12 मई 2026। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित 15 दिवसीय विशेष राज्यव्यापी अभियान “सही दवा शुद्ध आहार अभियान” का सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह अभियान 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक अनुरूप दवाओं और खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना, दवाओं के दुरुपयोग पर नियंत्रण स्थापित करना तथा खाद्य एवं औषधि सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में औषधि निरीक्षकों एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मेडिकल स्टोर्स, अस्पतालों से जुड़े औषधि प्रतिष्ठानों, वैक्सीन भंडारण केंद्रों, कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों, खाद्य दुकानों, डेयरी, स्वीट्स शॉप, जूस सेंटर, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं एवं गोदामों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान लगभग 2776 से अधिक औषधि एवं कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों तथा सरकारी एवं निजी अस्पतालों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न संदिग्ध दवाओं एवं उत्पादों के कुल 64 नमूने परीक्षण हेतु एकत्र किए गए।
जांच के दौरान दवाओं के भंडारण, लेबलिंग, क्रय-विक्रय अभिलेख, एक्सपायरी दवाओं की उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन, तापमान नियंत्रण प्रणाली तथा औषधियों की वैधता संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई। कई जिलों में बाहरी राज्यों से दवाओं की आपूर्ति का सत्यापन भी किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ संदिग्ध उत्पादों को मौके पर ही रोककर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा संबंधित संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
अभियान में विशेष रूप से Schedule H, H1 एवं X श्रेणी की दवाओं, नशीली एवं साइकोट्रॉपिक औषधियों तथा NRx दवाओं के विक्रय एवं रिकॉर्ड का गहन परीक्षण किया गया। कई स्थानों पर बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री, रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही तथा औषधियों के अनुचित उपयोग से संबंधित मामलों में सख्त कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त औषधियों के सुरक्षित उपयोग एवं प्रतिकूल औषधि प्रभाव (ADR) रिपोर्टिंग प्रणाली के संबंध में दवा विक्रेताओं एवं स्वास्थ्य संस्थानों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी दिया गया।

—
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भी पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों, दुकानों, गोदामों एवं खाद्य सामग्री विक्रय स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रदेशभर में कुल 2631 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा गुणवत्ता परीक्षण हेतु 176 खाद्य नमूने एकत्र किए गए।
जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी एवं अनुपयोगी खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई। सरगुजा जिले में मेसर्स शिवम मिल्क डेली नीड्स एंड बेकरी से लगभग 3 लाख रुपए मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई तथा 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में एक्सपायरी ब्रेड, आइसक्रीम, मिठाई, नमकीन, मसाले, डेयरी उत्पाद, पेय पदार्थ, चॉकलेट, फ्रूट कूकीज, अचार, चाट मसाला सहित कई खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए।
अभियान के दौरान खाद्य व्यापार संचालकों को खाद्य पंजीयन कराने, साफ-सफाई बनाए रखने, लाइसेंस प्रदर्शित करने, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र रखने, फर्स्ट इन फर्स्ट आउट प्रणाली अपनाने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय के दौरान हैंड ग्लव्स, हेड कैप एवं स्वच्छ उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए, वहीं एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान की मॉनिटरिंग विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार की गई, जिसे आमजन द्वारा भी सराहा गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत प्रतिष्ठानों से ही दवाएं एवं खाद्य सामग्री खरीदें, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी तिथि की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना विभागीय हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर दें।



