
राजनांदगांव : छग ग्रामीण बैंक में लंबित प्रकरणों को इसी महीने में ही निपटाएं : यादव…
राजनांदगांव , कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मार्च 2026 तिमाही की 188वीं जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएससीसी) एवं जिला परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) की बैठक कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कलेक्टर ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए बैंक प्राथमिकता से ऋण स्वीकृत करें।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए माह अंत तक सभी प्रकरण निपटाने कहा।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, महिला स्वसहायता समूह लिंकेज, पीएम विश्वकर्मा योजना, पशुपालन, मछलीपालन, डेयरी ऋण और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की गई। आरबीआई रायपुर के मैनेजर अविनाश कुमार टोप्पो ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के नवीनीकरण में तेजी लाने कहा। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने बिहान समूहों को अधिक ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, लीड बैंक मैनेजर मुनीष शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


