INDW vs SLW: 17 साल की जी कमलिनी कौन हैं? स्मृति मंधाना की जगह मिला डेब्यू मौका
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी20I सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली थी, इसलिए आखिरी मुकाबले में टीम मैनेजमेंट ने सीनियर खिलाड़ियों को आराम देने का फैसला किया। इसी कड़ी में स्टार ओपनर स्मृति मंधाना और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया। इस फैसले ने एक नई प्रतिभा के लिए दरवाजा खोल दिया और 17 वर्षीय जी कमलिनी को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू करने का सुनहरा मौका मिला।
दरअसल, चौथे टी20 मुकाबले में स्मृति मंधाना ने शानदार वापसी करते हुए 80 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। हालांकि, मैच के अंतिम ओवरों में उन्हें हल्की सी मांसपेशियों की परेशानी (निगल) महसूस हुई। चूंकि सीरीज भारत पहले ही जीत चुका था, इसलिए टीम प्रबंधन ने कोई जोखिम न लेते हुए उन्हें आराम देना ही बेहतर समझा।
कौन हैं जी कमलिनी?
जी कमलिनी इस समय भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे उभरती हुई युवा बल्लेबाजों में गिनी जा रही हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में खेले गए अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। कमलिनी ने टूर्नामेंट की 7 पारियों में 143 रन बनाए और वह तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उनका औसत 35.75 रहा, जिसमें नाबाद 56 रन की संयमित पारी खास तौर पर चर्चा में रही।
WPL में भी दिखाया दम
कमलिनी पहली बार बड़े स्तर पर तब सुर्खियों में आईं, जब महिला प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.60 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके बाद उन्होंने इतिहास रचते हुए WPL में खेलने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
महज 16 साल और 213 दिन की उम्र में उन्होंने 18 फरवरी को गुजरात जायंट्स के खिलाफ वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया था। उनकी तेज तरक्की से प्रभावित होकर मुंबई इंडियंस ने उन्हें WPL 2026 की नीलामी से पहले रिटेन भी कर लिया। अब वह हरमनप्रीत कौर, नैट साइवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज और अमनजोत कौर जैसी दिग्गज खिलाड़ियों के साथ एक ही टीम का हिस्सा हैं।
टीम इंडिया में कई बदलाव
स्मृति मंधाना के अलावा रेणुका सिंह ठाकुर को भी आखिरी टी20I के लिए आराम दिया गया है। उनकी जगह स्नेह राणा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। वहीं, बुखार के कारण चौथा मैच नहीं खेल सकीं जेमिमा रोड्रिग्स को भी इस मुकाबले में विश्राम दिया गया है। इसके अलावा, तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ भी इस मैच का हिस्सा नहीं हैं।
श्रीलंका टीम में वापसी
श्रीलंका महिला टीम में इनोका रणवीरा और मल्की मदारा की वापसी हुई है। उन्हें मल्शा शहानी और काव्या कविंदी की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
श्रीलंका महिला टीम (Playing XI)
हसीनी परेरा, चमारी अट्टापट्टू, इमेशा दुलानी, हर्षिता मादवी समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, रश्मिका सेवान्दी, कौशानी नुथ्यांगना, निमाशा मदुशानी, इनोका रणवीरा, मल्की मदारा।
भारतीय महिला टीम (Playing XI)
शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी।
